हर्बिनजर टुडे डेस्क । क्षेत्र की प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन सडक़ मार्गों के निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने और लोनिवि तथा वनविभाग के बीच बेहतर तालमेल बिठाने को लेकर ब्लॉक सभागार में बैठक का आयोजन किया गया।
ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला की अध्यक्षता में हुई बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों को गति मिले इसको लेकर सडक़ समन्वय समिति का गठन किया गया। जिसमें प्रमुख गणेश चंदोला को अध्यक्ष, ज्येष्ठ प्रमुख देवेंद्र रावत देवराज-उपाध्यक्ष, कनिष्ठ प्रमुख भूपेंद्र सिंह मेहरा-सचिव तथा नरेंद्र रावत, उदयसिंह, ऊषा रावत और बीना नेगी को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया।
ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला ने कहा कि समिति का उद्देश्य लोनिवि और वनविभाग के बीच अटकी सड़कों की फाइलों का निस्तारण करना, ग्राम पंचायतों और विभागों के बीच आपसी सामंजस्य बनाना, निर्माणाधीन सडकों की गुणवत्ता और समय सीमा की निगरानी करना होगा। कहा कि हमारा लक्ष्य क्षेत्र का चहुंमुखी विकास करना है।और इसके लिए समिति हरसंभव प्रयास करेगी।
रिपोर्ट – सुरेन्द्र धनेत्रा
