हर्बिनजर टुडे डेस्क । अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर नारायणबगड़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक डॉ. जीतराम के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक कार्यालय में गोष्ठी आयोजित करने के बाद रैली निकाली और परखाल तिराहे पर दुष्यंत कुमार गौतम का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग करते हुए ‘अंकिता हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं’ और ‘अंकिता को न्याय दो’ जैसे नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी प्रकरण में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
पूर्व विधायक डॉ. जीतराम ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर प्रदेश की जनता लगातार आवाज उठा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रकरण में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर उठे सवालों का आज तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए,ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के विरोध में अपना आक्रोश जताते हुए कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय सुनिश्चित करना जरूरी है। प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र रावत,देवराज रावत,दलबीर रावत,खिम सिंह, कलमसि कंडारी,त्रिलोक सिंह,सहित तमाम कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट –सुरेन्द्र धनेत्रा
