हर्बिनजर टुडे / हल्द्वानी/मुक्तेश्वर डेस्क। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद द्वारा आयोजित अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 के शुभारंभ की पूर्व संध्या पर मुक्तेश्वर स्थित सुकमा रिजॉर्ट में आयोजित भव्य गाला डिनर कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे सभी साइकिलिस्टों का स्वागत करते हुए उन्हें प्रतियोगिता के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 जैसी प्रतियोगिताएं राज्य के विभिन्न जनपदों, घाटियों और नगरों को एक सूत्र में पिरोने का कार्य कर रही हैं। यह रोमांचक साइकिलिंग प्रतियोगिता प्रदेश के 10 जनपदों से होकर कुल 658 किलोमीटर की दूरी तय करेगी तथा 26 नवंबर को मसूरी में संपन्न होगी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से देश-दुनिया के लोगों को उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक खानपान, रीति-रिवाजों और स्थानीय परंपराओं से परिचित होने का अवसर मिलता है। साथ ही, ये आयोजन ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को प्रोत्साहित करने और स्थानीय उत्पादों एवं पर्यटन स्थलों की पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजनों में प्रतिभाग करने वाले देश-विदेश के साइकिलिस्टों एवं आगंतुकों को उत्तराखंड की समृद्ध कला एवं संस्कृति के साथ ही यहां की अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी घाटियों, जैव विविधता और पर्यटन की अपार संभावनाओं को करीब से जानने का अवसर मिलता है। इससे प्रदेश को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने के साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 जैसे आयोजन प्रदेश के प्राकृतिक सौंदर्य और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को व्यापक पहचान दिलाने के साथ ही उत्तराखंड को एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे 80 साइकिलिस्टों, अतिथियों एवं आयोजन से जुड़े लोगों का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संकल्प ग्रुप, कुमाऊं सांस्कृतिक उत्थान समिति, खुरपाताल तथा नई दिशाएं, नैनीताल के सांस्कृतिक दलों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पारंपरिक लोकनृत्यों, लोकगीतों और लोकधुनों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झलक देखने को मिली।
राजुला-मालूशाही की प्रेमगाथा पर आधारित नृत्य प्रस्तुति ने मोहा मन
कार्यक्रम में उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोक प्रेमगाथा राजुला-मालूशाही पर आधारित मनमोहक लोकनृत्य प्रस्तुति दी गई। कलाकारों ने नृत्य एवं संगीत के माध्यम से राजुला और मालूशाही के अमर प्रेम, समर्पण, संघर्ष और विरह की भावनाओं को बेहद आकर्षक ढंग से प्रस्तुत कर इस लोकगाथा को जीवंत कर दिया। इस प्रस्तुति के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत की सुंदर झलक देखने को मिली।
इसके अतिरिक्त ‘तेरो नथुली को डोर’ गीत पर छपेली लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुति दी गई। पारंपरिक वेशभूषा, मधुर लोकधुनों और आकर्षक नृत्य मुद्राओं ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से कुमाऊं की लोकपरंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और पहाड़ की जीवनशैली को खूबसूरती से प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, महाप्रबंधक मनीष सिंह, सीआईएफ के संयुक्त सचिव शैलेन्द्र पाठक, पर्यटन विकास परिषद के सदस्य नितिन राणा, गिरधर मनराल सहित प्रतियोगिता के प्रतिभागी, अतिथिगण एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
