
हार्बिनजर टुडे डेस्क। सैकड़ों की तादाद में शिव भक्त कांवड़िए कर्णप्रयाग अलकनंदा और पिंडर नदी के पवित्र संगम तट से गंगा जल लेकर सोमवार को विभिन्न शिवालयों में अपने अराध्य देव आशुतोष शिव का जलाभिषेक करेंगे।
शनिवार को नारायणबगड़ में कांवड़ संचालन समिति ने कांवड़ यात्रा के सफल संचालन के लिए अंतिम दौर की बैठक कर अंतिम रूप दिया। रविवार प्रातः काल सैकड़ों की संख्या में शिव भक्त कांवड़िए नारायणबगड़ से कर्णप्रयाग के लिए प्रस्थान करेंगे और कर्णप्रयाग में संगम तट पर विधि-विधान पूर्वक पूजा अर्चना आदि कार्यक्रम संपन्न करते हुए कांवड़िए गंगा जल लेकर वापस रात्रि प्रवास के लिए नारायणबगड़ पहुंचेंगे। पिछले पांच वर्षों से ॐ महामृत्युंजय महादेव कांवड़ यात्रा समिति के तत्वावधान में संचालित होने वाली कांवड़ यात्रा में इस बार भी बड़े जोर शोरों से तैयारी की गई है।
कांवड़ समिति के संयोजक दलीप सिंह नेगी, अध्यक्ष बीर भरत सिंह नेगी, संरक्षक रायबहादुर सलामी, कोषाध्यक्ष बिक्रम सिंह बिष्ट, अवधेश शाह आदि ने कांवड़ यात्रियों से सड़क मार्ग पर पदयात्रा के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने,संगम तट पर धैर्य पूर्वक गंगा जल भरने का आग्रह किया है।
समिति ने बताया कि इस बार 155 से अधिक कांवड़िए कांवड़ यात्रा में शामिल हो रहे हैं जिनके साथ सैकड़ों स्वयं सेवक,सुरक्षा,परिवहन व्यवस्था, स्वास्थ्य व्यवस्था,जलपान एवं भोजन आदि सभी व्यवस्थाएं की गई है।रविवार को नारायणबगड़ में रात्रि प्रवास के बाद सोमवार प्रातः काल विधि-विधान पूर्वक कांवड़ पूजा अर्चना करने के बाद शिव भक्त कांवड़िए अपने अपने शिवालयों के लिए प्रस्थान करेंगे।
इस अवसर पर पूर्व कनिष्ठ उप प्रमुख दलवीर सिंह रावत, मृत्युंजय महादेव मंदिर समिति अध्यक्ष बृजमोहन सिंह बुटोला, सचिव जयपाल सिंह बुटोला, देवेंद्र सिंह बुटोला,दलवीर सिंह नेगी,सुदर्शन कनेरी,दर्शन सिंह नेगी,चंद्रभान शर्मा आदि उपस्थित थे।
रिपोर्ट – सुरेन्द्र धनेत्रा